
रायपुर।
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने देश के युवा वोटर्स, खासकर Gen-Z को पार्टी से जोड़ने के लिए नई टीम तैयार की है। इस टीम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी के साथ छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी शामिल किया गया है।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में नई टीम के सभी सदस्यों के साथ 12 महिला सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
14 से 25 साल के युवाओं को जोड़ने पर फोकस
भाजपा की नई टीम का मुख्य फोकस Gen-Z आउटरीच प्रोग्राम के जरिए युवा वर्ग तक पहुंच बनाने पर रहेगा। पार्टी ने इस अभियान को ‘युवा संवाद’ नाम दिया है।
इस अभियान के तहत 14 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को पार्टी से जोड़ने और उनके साथ संवाद स्थापित करने की योजना है। युवाओं के मुद्दों, उनकी अपेक्षाओं और बदलते डिजिटल दौर में उनकी सोच को समझने पर भी जोर दिया जाएगा।
ओपी चौधरी की भूमिका अहम
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को इस राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई टीम के जरिए भाजपा युवा वर्ग के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी।
Gen-Z का बड़ा हिस्सा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है। ऐसे में पार्टी का यह अभियान युवाओं के साथ सीधे संवाद और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।
- पहली बैठक में बनी आगे की रणनीति
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और युवा वर्ग तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी की कोशिश है कि ‘युवा संवाद’ के जरिए देशभर के युवाओं से संपर्क स्थापित किया जाए और उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए।
छत्तीसगढ़ से ओपी चौधरी की टीम में मौजूदगी को प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले समय में इस अभियान के तहत प्रदेश में भी युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।









