
रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने कथित Wash & Wash/Black Currency Scam से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से ₹4 करोड़ से अधिक नगदी, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेट्स और अन्य सामग्री व दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

₹1.13 करोड़ की ठगी का मामला
पुलिस के अनुसार, तेलीबांधा थाने में दर्ज मामले में रायपुर के एक व्यक्ति से करीब ₹1.13 करोड़ की कथित ठगी की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले दो महिला आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल फोन में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के पुणे में होने की जानकारी मिली।
खंडाला रिसॉर्ट में रेड
पुलिस टीम पुणे पहुंची और करीब एक सप्ताह तक आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसके बाद खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में रेड की गई।
पुलिस के मुताबिक वहां आरोपी वाराणसी निवासी एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर अपने पास बुलाए थे। पुलिस ने आरोपियों को पीड़ित से रकम लेते हुए मौके पर पकड़े जाने का दावा किया है।
कैसे करते थे ठगी?
पुलिस के अनुसार गिरोह लोगों को काले रंग के नोटों को विशेष केमिकल और कथित विदेशी तकनीक के जरिए असली भारतीय करेंसी में बदलने का झांसा देता था।
आरोपियों द्वारा पहले से तैयार असली नोटों का इस्तेमाल कर कथित रासायनिक प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाता था। इसके बाद विदेशी केमिकल, तकनीकी प्रक्रिया, परीक्षण, अनुमति और अन्य खर्चों के नाम पर पीड़ितों से अलग-अलग किश्तों में रकम ली जाती थी।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते थे। पीड़ितों पर प्रभाव बनाने के लिए नेताओं और फिल्मी कलाकारों के साथ तस्वीरें दिखाने तथा निजी गनमैन रखने की बात भी जांच में सामने आई है।
2005 से सक्रिय होने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि गिरोह वर्ष 2005 से सक्रिय था और देशभर में 100 से अधिक लोगों को निशाना बनाकर अरबों रुपये की ठगी करने की जानकारी सामने आई है।
गिरोह के मुख्य आरोपियों के रूप में ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन/शेट्टी/रेड्डी और मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर के नाम सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने छत्तीसगढ़ के अलावा नोएडा, पुणे, बड़ौदा, उदयपुर और दिल्ली सहित अलग-अलग शहरों में वारदातें की हैं।
7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में:
- ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी
- प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन/शेट्टी/रेड्डी
- मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर
- विवेक सिंह
- शुभम पांडेय
- योगेन्द्र चौहान
- बालमुकुंद दीक्षित
शामिल हैं।

इस मामले में पहले गिरफ्तार की गई दो महिला आरोपियों को मिलाकर अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही है। मामले में कुछ अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 330/26, धारा 318(4), 61(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
नोट: यह खबर रायपुर पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी के आधार पर है। पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों और पूछताछ में सामने आए दावों की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया के अधीन है।









