
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती के साथ दो युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। आरोपियों ने पहले युवती और उसके बॉयफ्रेंड को धमकाया, उनके साथ मारपीट की और रुपये छीन लिए। इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है।
पिकनिक स्पॉट पर पहुंचे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती शनिवार को अपने बॉयफ्रेंड के साथ बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन घूमने गई थी। दोनों पिकनिक स्पॉट से पहाड़ के ऊपर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां दो युवक आ गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले युवक और युवती को धमकाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर रुपये छीन लिए। फिर दोनों आरोपियों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना के बाद पीड़िता ने खरसिया थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान बोतल्दा निवासी राहुल पटेल (22) और थनेश्वर पटेल (20) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
खरसिया SDOP सतीश भार्गव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच!









