
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित श्री मारुति मंगलम भवन में संत श्री जलाराम बापा का 227वां जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री जलाराम जयंती उत्सव मंडल और फाफाडीह चौक के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार आयोजन को स्वर्णिम वर्ष महोत्सव के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर गुढ़ियारी के दही हांडी मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बाइक रैली और 251 कलशों की यात्रा शामिल रही। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। संत जलाराम बापा और भगवान श्रीराम दरबार की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
भजन और लोकगीतों की हुई प्रस्तुति
दोपहर में स्थापना आरती के बाद गोंदिया के भजन कलाकार मितेश भाई परमार ने भजन, लोकगीत और झांकियों की प्रस्तुति दी। शाम को तरुण भाई पिथालिया और मितेश भाई परमार के साथ रास गरबा का आयोजन हुआ। इसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
भजन जैमिंग से भक्तिमय हुआ माहौल
बनारस के युवा भजन कलाकार अभिषेक राय और उनकी टीम ने भजन जैमिंग की विशेष प्रस्तुति दी। इसके बाद 108 दीपों से महाआरती की गई। महाआरती के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

आयोजन के दौरान दोपहर और रात में श्रद्धालुओं के लिए भिक्षुक भोजन, भंडारे और महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।
3000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
आयोजन में करीब 3000 श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। अन्नकूट के लिए श्रद्धालु अपने घरों से अलग-अलग पकवान बनाकर लाए थे, जिन्हें प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।
श्री जलाराम जयंती उत्सव मंडल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, समाजजनों, कलाकारों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









