
श्रीनगर। CG DASTAK
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर हुए हमले से पहले आतंकियों की रेकी करने का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF कैंप और आसपास के इलाकों की रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर को दोनों संदिग्धों ने कुलगाम के कई इलाकों में रेकी की थी। 11 नवंबर को नौपोरा अखरन में CRPF पोस्ट पर हमला किया गया था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। हमले के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
एक आतंकी मारा गया, दूसरे की तलाश जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने सोमवार को आतंकी उमर निसार डार को मुठभेड़ में मार गिराया। वहीं मोहम्मद लतीफ भट की तलाश जारी है। इससे पहले लतीफ के मारे जाने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में बताया गया कि उसके पैर में गोली लगी है और वह फरार है।
जांच में यह भी सामने आया है कि उमर निसार डार ने लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी थी। लतीफ पर इस साल कुलगाम और अनंतनाग में हुई कई आतंकी घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, तलाशी अभियान तेज
11 नवंबर को CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर हुए हमले के बाद कुलगाम के ग्रामीण इलाकों में तलाशी अभियान लगातार जारी है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों ने 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हमलावरों और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए घरों, आसपास के कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों में तलाशी ली जा रही है।
इस अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद भी ली जा रही है। आने-जाने वाले रास्तों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं और नागरिकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 600 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच के दौरान कई अन्य लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। सुरक्षा बलों की कोशिश हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके नेटवर्क का पता लगाने की है।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









