कोयला खदान में पार्टनर बनाने का झांसा देकर कारोबारी से 4.55 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर पर FIR

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोयला खनन कारोबार में साझेदारी और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है।

कोयला खदान में पार्टनर बनाने का दिया प्रस्ताव

पुलिस के मुताबिक, अक्षत राजन श्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। कुछ समय पहले उनकी पहचान KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी।

आरोप है कि अमन नारायण सिंह ने उन्हें कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया। कारोबारी को खदान के काम में हिस्सेदारी, निवेश की रकम और अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया गया।

RTGS और NEFT से ट्रांसफर किए 4.55 करोड़ रुपये

प्रस्ताव पर भरोसा करके अक्षत राजन ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के माध्यम से कुल 4,55,25,296 रुपये ट्रांसफर किए।

आरोप है कि इसके बाद वह खदान के कामकाज में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। वर्ष 2023-24 के दौरान खनन कार्यों के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी अतिरिक्त रकम खर्च की गई।

निवेश और मुनाफे का हिसाब मांगने पर टालमटोल

शिकायत के अनुसार, जब कारोबारी ने अपनी मूल निवेश राशि और मुनाफे का हिसाब मांगा तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो साल से लगातार पैसे मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई।

कारोबारी को लेन-देन और खदान में हुए खर्चों का पूरा हिसाब भी नहीं दिया गया। आखिरकार आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

14 नवंबर को दर्ज कराई शिकायत, पुलिस ने की FIR

लगातार प्रयासों के बाद अक्षत राजन ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत FIR दर्ज की है।

फिलहाल पुलिस मामले में बैंक लेन-देन, निवेश से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here