
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसी कड़ी में जुलाई के पहले सप्ताह में रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ आयोजित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने की संभावना है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के प्रबंधन और प्रशासनिक क्षेत्र के विशेषज्ञ मंत्रियों को आधुनिक प्रशासन, विभागीय समन्वय, वित्तीय प्रबंधन, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।
शिविर में विभागीय कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी बनाने के साथ-साथ ‘विजन 2047’ के तहत विकसित छत्तीसगढ़ के रोडमैप पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक क्षमता बढ़ाकर योजनाओं का लाभ आम जनता तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में आयोजित यह चिंतन शिविर मंत्रियों की कार्यशैली को अधिक पेशेवर बनाने और नीति निर्माण के साथ-साथ उसके प्रभावी क्रियान्वयन में मददगार साबित हो सकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुरू से ही सुशासन और बेहतर प्रशासन को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते रहे हैं।










