CG News: कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में फिर हादसा, मेंटेनेंस के दौरान 3 कर्मचारी झुलसे; जांच शुरू News:

0
11

मुंगेली। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र स्थित रामबोड़ के कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में एक बार फिर औद्योगिक दुर्घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुए हादसे में तीन कर्मचारी आंशिक रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्लांट में कीलन डिस्चार्ज गेट जाम हो जाने के कारण उसका मेंटेनेंस किया जा रहा था। इसी दौरान गेट अचानक खुल गया, जिससे अंदर मौजूद गर्म स्पंज आयरन तेज गति से बाहर निकला और वहां कार्यरत कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए।

p

घायलों की पहचान अमित कुमार (औरंगाबाद, बिहार), योगेश मीणा (होशंगाबाद, मध्य प्रदेश) और अमरेश दत्ता (बालेश्वर, ओडिशा) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से अपोलो अस्पताल पहुंचाया। इनमें से अमित कुमार को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने बताया कि घायलों के उपचार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, वहीं दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भी इसी कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में साइलो ढहने की बड़ी दुर्घटना हुई थी, जिसमें चार श्रमिकों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला भी दर्ज किया गया था। लगातार दूसरी बड़ी दुर्घटना के बाद एक बार फिर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here