
बीजापुर। CG DASTAK
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 में सराफा कारोबारी से बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। सोमवार शाम दो अज्ञात बदमाशों ने बंदूक की नोक पर कारोबारी और उसके साथी को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। लूटे गए सामान की कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी शाम के समय अपनी दुकान बंद कर गीदम स्थित घर लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यापारी भी मौजूद था। दोनों निजी वाहन से घर जा रहे थे।
जंगल में लिफ्ट मांगने के बहाने रोकी कार
बताया जा रहा है कि नेलसनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल के बीच सड़क पर दो अज्ञात लोगों ने लिफ्ट मांगने के बहाने कार रुकवाई। इसके बाद दोनों बदमाश वाहन में सवार हो गए और कुछ दूर आगे ले जाने के बाद कारोबारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर धमकाया।
बदमाशों ने दोनों की कनपटी पर बंदूक तान दी और चाकू दिखाकर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
1300 ग्राम सोना और 15 किलो से ज्यादा चांदी लूटी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपये बताई जा रही है।
हालांकि, लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगा।
मोबाइल फेंककर फरार हुए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
वारदात के बाद बदमाश कारोबारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के रास्तों और घटनास्थल से जुड़े सुराग खंगाले जा रहे हैं।
नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल के मुताबिक, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का हिसाब कारोबारी से लिया जाएगा। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
दो दिन पहले जगदलपुर में भी हुई थी 1.74 करोड़ की चोरी
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सराफा दुकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। यहां ग्राहक बनकर पहुंचे लोगों ने करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई गई थी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बस्तर संभाग में सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।









