
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर के सुभाष नगर बंगाली पारा में दीपावली की रात मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हर साल की तरह इस वर्ष भी यहां मां काली पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन के दौरान पांच दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंडाल को आकर्षक लाइटिंग और सजावटी सामान से सजाया गया है।
मंत्रोच्चार के साथ स्थापित हुई मां काली की प्रतिमा
मां काली पूजा की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थीं। रविवार रात करीब 12 बजे काली मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ मां की प्रतिमा स्थापित की गई।
इसके बाद फूल-माला, सिंदूर और दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। समाज के लोगों ने पूरी रात जागरण किया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर मां काली की आराधना की। अगले दिन पूजा-अर्चना के बाद व्रत खोला गया।
धुनची नृत्य और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
आयोजन के तहत सोमवार को धुनची कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं मंगलवार को बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांस प्रतियोगिता होगी।
इसमें समाज और आसपास के क्षेत्र के बच्चे हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
महाभंडारे में श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद
मां काली युवा समिति के सदस्यों के अनुसार, आयोजन के दौरान प्रतिदिन मां को भोग लगाया जा रहा है और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जा रहा है।
इसके साथ ही महाभंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करेंगे।
शुक्रवार को विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
आकर्षक सजावट से सजा पूजा पंडाल
समिति के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक आयोजन की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू कर दी गई थीं। इस बार मां काली की प्रतिमा कोतरा रोड से लाई गई है।
पूजा पंडाल और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और अन्य सजावटी सामान से सजाया गया है। दीपावली के अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आ रहा है।
मां काली के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच!









