
चिरिमिरी। नगर पालिक निगम चिरिमिरी द्वारा लगभग तीन वर्ष पहले यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर लाखों रुपये की लागत से यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया गया था। इनका उद्देश्य यात्रियों को धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से राहत देते हुए सुरक्षित प्रतीक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना था। लेकिन नियमित रखरखाव के अभाव में अधिकांश प्रतीक्षालय अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई प्रतीक्षालयों की छत और दीवारों में दरारें आ गई हैं, सीटें टूट चुकी हैं और आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कई स्थानों पर रंग-रोगन पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे सार्वजनिक संपत्तियां बदहाल नजर आ रही हैं।
नागरिकों का कहना है कि निर्माण के शुरुआती दिनों के बाद इन प्रतीक्षालयों की देखरेख नहीं की गई। परिणामस्वरूप लाखों रुपये की लागत से बने ये यात्री शेड अब अपनी उपयोगिता खोते जा रहे हैं और यात्रियों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिक निगम चिरिमिरी से मांग की है कि सभी यात्री प्रतीक्षालयों का सर्वे कराकर तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को इनका लाभ मिल सके और सरकारी धन का सदुपयोग हो।
संवाददाता: अशोक कुमार, एमसीबी जिला
Tags: Chirimiri News, MCB News, Passenger Waiting Shed, Nagar Palika Chirimiri, Public Facility, Chhattisgarh News, CG Dastak










