रायपुर की 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट: 3 मजदूरों की मौत, कई घायल, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका

0
33

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की एक 3D फैक्ट्री में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी, एडीसीपी नॉर्थ और एसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। फिलहाल पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने की वजह से हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक लाल सिंह और कमल सिंह डिंडौरी के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विस्फोट इतना भीषण था कि उसके प्रभाव से शरीर के अंग काफी दूर तक बिखर गए। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here