
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला। नेशनल हाईवे-130 पर स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी दो बाइक और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सानीबरी मोड़ के पास खेत में कई बार पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को परोगिया निवासी घरभरन यादव अपनी बहन को लेने गांव के ही एक युवक की स्कॉर्पियो लेकर बिनिया गए थे। उनके साथ राहुल यादव और सनी यादव भी मौजूद थे। बताया गया कि जब तीनों बहन के ससुराल पहुंचे, तो परिजनों ने नशे की हालत में होने के कारण बहन की विदाई करने से मना कर दिया।
बहन की विदाई को लेकर जीजा से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विदाई से मना करने पर तीनों युवकों का अपने जीजा से विवाद हो गया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को समझाइश देकर शाम करीब 7 बजे छोड़ दिया।

इसके बाद तीनों स्कॉर्पियो से लखमनपुर पहुंचे। वहां शराब दुकान से शराब खरीदकर पीने के बाद वे उदयपुर की ओर लौटने लगे। आरोप है कि इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी दो बाइक और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
सानीबरी मोड़ पर अनियंत्रित होकर खेत में पलटी स्कॉर्पियो
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक पकड़े जाने के डर से रामगढ़ रोड से लक्ष्मणगढ़ मार्ग की ओर भागा। सानीबरी मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क से उतरकर खेत में कई बार पलट गई।
दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान राहुल यादव की मौत
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को राहुल यादव निवासी दवा की मौत हो गई। वहीं घरभरन यादव और सनी यादव का इलाज जारी है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद चालक के घटनास्थल से फरार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नशे की हालत में वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है। तेज रफ्तार में वाहन चलाने से न केवल चालक और उसमें सवार लोगों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जिंदगी भी जोखिम में आ जाती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









