
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आज 3 नवंबर को समापन होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

राजधानी रायपुर और नया रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान अमित शाह नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे राज्योत्सव मैदान में आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगे।
अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
जारी कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर करीब 12:55 बजे दिल्ली स्थित आवास से रवाना होंगे। दोपहर 1:15 बजे पालम एयरफोर्स टेक्निकल एरिया पहुंचेंगे और 1:20 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।

दोपहर 3:05 बजे उनका रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल जाएंगे। यहां दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक उनका कार्यक्रम निर्धारित है।
शाम 5:05 बजे वे पीपल वन के लिए रवाना होंगे और करीब 5:30 बजे वहां पहुंचेंगे। शाम 5:35 से 5:45 बजे के बीच विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे।
इसके बाद शाम 5:55 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद रात 8 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होकर 8:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 8:20 बजे रायपुर से प्रस्थान करेंगे।
राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं
राज्योत्सव के समापन समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला और संगीत की झलक भी देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम में दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी। वहीं रात 9 बजे के बाद पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की म्यूजिकल परफॉर्मेंस प्रस्तावित है।
राज्योत्सव में पहुंचने के लिए 6 रूट, पार्किंग की व्यवस्था
राज्योत्सव मैदान तक पहुंचने के लिए प्रशासन ने छह अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है।
जारी जानकारी के अनुसार करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल से राज्योत्सव मैदान तक लोगों को पैदल जाना होगा। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं।
आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के बीच अहम दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान जारी है। केंद्र सरकार ने देश से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की थी। ऐसे में राज्योत्सव के समापन समारोह में उनकी मौजूदगी को प्रदेश में सुरक्षा, विकास और बदलते छत्तीसगढ़ के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीन दिवसीय राज्योत्सव में प्रदेश की संस्कृति, विकास और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। समापन समारोह के साथ इस आयोजन का औपचारिक समापन होगा।









