
दुर्ग-भिलाई। CG DASTAK
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कोहका के राजा गार्डन स्थित एक मकान में WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मंथली वेतन पर सट्टा संचालन का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 लाख 93 हजार रुपये नकद, 3 लैपटॉप, 1 आईपैड और 18 स्मार्टफोन सहित लाखों रुपये का सामान जब्त किया है।
यह कार्रवाई चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला और एंटी क्राइम यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी और वहां मौजूद दो युवकों को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्धों ने भागने की कोशिश भी की।
WINBUZZ ऐप से चल रहा था सट्टे का कारोबार
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था।
इसके लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क में अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और ATM कार्ड का भी इस्तेमाल किया जाता था।
गिरफ्तार दोनों युवक इस नेटवर्क में मासिक वेतन पर काम कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि कुछ लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना सट्टे के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
4.93 लाख नकद और 18 मोबाइल सहित सामान जब्त
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है।
जब्त सामग्री में शामिल हैं:
4 लाख 93 हजार रुपये नकद
3 लैपटॉप
1 आईपैड
अलग-अलग कंपनियों के 18 स्मार्टफोन
22 ATM कार्ड
10 बैंक पासबुक
एयरटेल बैंक के 4 QR कोड स्कैनर
1 एयरटेल वाई-फाई डिवाइस
4 होंडा एक्टिवा स्कूटर
अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की जांच से ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क और उसके वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23), निवासी अर्जुन नगर, वैशाली नगर और डिकेश प्रसाद तिवारी (22), निवासी अर्जुन नगर, वैशाली नगर के रूप में की है।
दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(4) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 2 नवंबर को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। वहीं, नेटवर्क के मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
बैंक खातों के इस्तेमाल की भी जांच
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सट्टे के कारोबार में किन-किन बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस को जब्त मोबाइल, लैपटॉप और दस्तावेजों से महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।









