
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह 3 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल नहीं होंगे। उनके स्थान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं राज्यपाल रमेन डेका समारोह की अध्यक्षता करेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे।
समारोह में विभिन्न शैक्षणिक सत्रों के कुल 24,800 सफल विद्यार्थियों को उपाधि और प्रमाणपत्र देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा शिक्षा, प्रबंधन और भूगोल विषय के पांच शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय की जगह उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। लेकिन दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने के कारण उनके बिलासपुर पहुंचने के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली प्रवास और वापसी में संभावित देरी को देखते हुए समारोह में बदलाव किया गया है। अब उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल भी समारोह में शामिल नहीं होंगे। जानकारी के अनुसार, तोखन साहू 2 से 6 नवंबर तक स्पेन के दौरे पर हैं, जबकि विधायक अमर अग्रवाल भी शहर से बाहर हैं।
24,800 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
विश्वविद्यालय के इस दीक्षांत समारोह में अलग-अलग शैक्षणिक सत्रों के कुल 24,800 सफल विद्यार्थियों को उपाधि और प्रमाणपत्र देने की घोषणा की गई है।
वहीं शिक्षा, प्रबंधन और भूगोल विषय के पांच शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह समारोह विद्यार्थियों के लिए अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित कराने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
पहली बार मिलेगा पंडित सुंदरलाल शर्मा वनवासी गौरव सम्मान
इस दीक्षांत समारोह में पहली बार सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके तहत पंडित सुंदरलाल शर्मा वनवासी गौरव सम्मान और संस्कृति रत्न सम्मान प्रदान किए जाएंगे। यह पहल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नई वेबसाइट और डिजिटल पोर्टल की भी होगी शुरुआत
दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट और परीक्षा रिकॉर्ड को डिजिटल करने के लिए पोर्टल की शुरुआत भी की जाएगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘अभ्युदय’ का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।
इससे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों को डिजिटल माध्यम से बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
समारोह की तैयारियां पूरी
3 नवंबर को सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियों का सोमवार को पूरे दिन रिहर्सल किया गया। इस दौरान अतिथियों के आगमन, स्वागत, शोभायात्रा, उपाधि वितरण, स्वर्ण पदक प्रदान करने और मंचीय कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया।

समारोह में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. कैलाश चन्द्र शर्मा दीक्षांत वक्ता होंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश के कई विधायक, जनप्रतिनिधि और विश्वविद्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।









