
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान आरबीसी 6(4) के सभी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अविवादित खाता विभाजन और नामांतरण के प्रकरणों पर भी समय सीमा में कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
लोक सेवा गारंटी के मामलों में देरी पर कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय सीमा का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में कार्य पूरा नहीं करने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
पौधों के आसपास से हटेगा कंक्रीट और जालीदार घेराव
बैठक में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को अपनी-अपनी टीम गठित कर कार्यालयों एवं आसपास लगे पौधों के चारों ओर किए गए कंक्रीट या जालीदार घेराव को हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि पौधों को पर्याप्त जगह मिलने से उनके विकास में मदद मिलेगी और वे बेहतर तरीके से बढ़ सकेंगे। इस कार्य को संबंधित विभागों की जिम्मेदारी के रूप में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
कृषि योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, बकेटिंग, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी सहित अन्य कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संवित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, डीएफओ पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









