
अंबिकापुर। CG DASTAK
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, मार्केटिंग हेड, हॉस्टल वार्डन और एचआर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पिता का आरोप- बेटे को कमरे में बंद कर दी गई धमकी
जानकारी के मुताबिक, छात्र बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पिता अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। 22 नवंबर को वह हॉस्टल से निकलकर अपनी बुआ के घर चला गया था। इसके बाद उसने फोन कर पिता को बताया कि उसे वहां अच्छा नहीं लग रहा है और वह हॉस्टल में नहीं रहना चाहता।

पिता के मुताबिक, परिवार ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर बच्चे को वापस नहीं ले जाने की बात कही थी। इसके बावजूद हॉस्टल प्रबंधन बच्चे को वापस ले आया। आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर दिया गया और दोबारा भागने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई।
दूसरी मंजिल से लगाई छलांग
पिता का आरोप है कि इसी डर और परेशानी के बीच छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल की वेंटिलेशन विंडो से छलांग लगा दी। इस घटना में उसे गंभीर चोटें आईं। उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया गया है।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए लोगों में असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 351(3), 125, 239 और 3(5) के साथ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पहले भी विवादों में रहा स्कूल
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी स्कूल में विवाद सामने आया था। एक शिक्षक द्वारा छात्र से कथित तौर पर 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था। उस मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी भी स्कूल पहुंचे थे।
CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!









