
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के मुताबिक, परिवार के मुखिया साजिद अली ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या की थी। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में सट्टे के कारोबार में नुकसान, नशे की लत और आर्थिक तंगी को घटना की प्रमुख वजह माना गया है।

17 जुलाई को घर में मिले थे पांचों के शव
जानकारी के मुताबिक, 17 जुलाई 2026 को संजय नगर स्थित घर में बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव मिले थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच SIT को सौंपी गई।

मृतकों की पहचान सैयद शाहिद उर्फ सज्जू (45 वर्ष), उसकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली (19 वर्ष), बेटियों शाहिदा (17 वर्ष) और इरशाबा बेगम (16 वर्ष) के रूप में बताई गई है।
जांच में खाने में कीटनाशक देने की बात आई सामने
SIT की जांच के मुताबिक, साजिद ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में कीटनाशक दिया था। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर साजिद को पत्नी और बच्चों की हत्या का जिम्मेदार माना गया है।

सट्टे के कारोबार में हो रहा था नुकसान
जांच में यह भी सामने आया कि साजिद अली गोलबाजार और डंगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खेलता था। बताया गया है कि इस कारोबार में उसे लगातार नुकसान हो रहा था। बाद में उसने सट्टे का काम बंद कर दिया था, लेकिन उसकी आर्थिक स्थिति खराब होती चली गई।

SIT ने साजिद के बैंक खातों की भी जांच की। जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान खातों से करीब 70 लाख रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, सट्टे में नुकसान और आर्थिक तंगी परिवार की सामूहिक मौत की घटना के पीछे अहम कारण माने गए हैं।
बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था साजिद
साजिद अली मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। उसने शुरुआत में ठेला लगाया था और बाद में बैटरी का काम शुरू कर अपनी दुकान खोली थी। पुलिस जांच में उसके नशे का आदी होने और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रहने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, साजिद करीब 15 साल से अपने भाइयों और बहनों से अलग रह रहा था। उसके ससुराल पक्ष से भी संपर्क सीमित बताया गया है।
घटना से पहले बेटे को किया था फोन
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले गुरुवार रात करीब 12:30 बजे साजिद ने अपने बेटे इरशाद को फोन कर घर बुलाया था। उसने बेटे को तुरंत घर आने के लिए कहा था। रिपोर्ट के अनुसार, घर पहुंचने के बाद परिवार के साथ मिठाई खाने की बात भी सामने आई है।
इस मामले में SIT की जांच के बाद सामने आए तथ्यों ने पूरे घटनाक्रम को नई दिशा दी है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से जुड़ा यह मामला राजधानी में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा।








