
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में कुर्सी पर सोने और वकील के साथ बदसलूकी करने के आरोप में रीडर रविशंकर सूर्यवंशी को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जांच रिपोर्ट के आधार पर 23 नवंबर 2026 को निलंबन का आदेश जारी किया।

मामला 20 नवंबर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित अपनी फाइल लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान रीडर रविशंकर सूर्यवंशी अपनी कुर्सी पर सोते मिले। अधिवक्ता का आरोप है कि रीडर शराब के नशे में थे। फाइल पुटअप करने के लिए कहने पर उन्होंने मना किया और अधिवक्ता के साथ बदसलूकी भी की।
वकील ने कलेक्टर से की शिकायत
घटना के बाद अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की। शिकायत के साथ रीडर का वीडियो भी सौंपा गया। वीडियो में कर्मचारी कार्यालय के भीतर अपनी कुर्सी पर सोते नजर आ रहे हैं।

एसडीएम की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
कलेक्टर ने मामले की जांच एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में रीडर रविशंकर सूर्यवंशी को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने का उल्लेख किया गया। इसके बाद कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया।

जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कोटा तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है। मामले में कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।









