
कांकेर। CG DASTAK
कांकेर। कक्षा पहली से 10वीं तक अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अन्य वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के कंपोनेंट-2 के तहत अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र बनाने की ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार यह प्रमाण पत्र अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार स्तर से ऑनलाइन बनाया जाएगा। संबंधित विद्यार्थी तहसीलदार कार्यालय के लोक सेवा केंद्र में पहुंचकर आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र की तरह अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ पत्र जरूरी
प्रमाण पत्र बनवाने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। इसके साथ 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ पत्र देना होगा। आवेदन पत्र पर सरपंच या पार्षद के हस्ताक्षर तथा पटवारी के हस्ताक्षर के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का मिलेगा लाभ
इस सुविधा का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति का लाभ दिलाना है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को निर्देशित किया है कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के बीच प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
प्रशासन का प्रयास है कि पात्र विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र समय पर बन सकें और उन्हें छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके।









