
कांकेर। CG DASTAK
कांकेर। कलेक्टर कुंदन कुमार ने मंगलवार को जिले के दूरस्थ अंचल अंतागढ़ का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। कलेक्टर ने कहा कि नक्सलवाद से बाहर आए संवेदनशील रहे गांवों के सर्वांगीण और सतत विकास पर जिला प्रशासन का विशेष फोकस रहेगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना पर रहेगा जोर
जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित आधारभूत अधोसंरचना और जरूरी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने मुख्यालय में रहकर लगातार क्षेत्र का दौरा करें और ग्रामीणों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए गंभीरता से काम करें।
विभागों से मांगी कार्ययोजना
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक अधिकारियों को क्षेत्र की जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रस्तावों को शासन स्तर पर भेजकर आवश्यक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों को आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए अपने विभागीय दायित्वों का जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने को कहा गया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे का भी लिया जायजा
अंतागढ़ प्रवास के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पोडगांव के खेत में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे के तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर सर्वे की प्रक्रिया और उससे जुड़े कार्यों को समझा।

इसके बाद कलेक्टर ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों से रू-ब-रू होकर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं और स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़ ए.एस. पैंकरा सहित अनुभाग एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










