
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में बासी समोसे की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज होटल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राहक की जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची ग्राहक की बहन के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।

बासी समोसे की शिकायत को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में तखतपुर बस स्टैंड स्थित होटल में नाश्ता करने के लिए रुके। इस दौरान दीपक की बहन और भाई ने समोसा खाया।
कुछ देर बाद दीपक की बहन और जीजा बाजार चले गए। इसी दौरान दीपक के छोटे भाई और भांजी ने समोसे के खराब होने की शिकायत की। इसके बाद दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से शिकायत की।
शिकायत करने पर मारपीट का आरोप
आरोप है कि शिकायत से नाराज होटल संचालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दीपक ने इसका विरोध किया तो संचालक और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद की जानकारी मिलने पर दीपक की बहन मौके पर पहुंची और भाई को बचाने का प्रयास किया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान होटल संचालक और उसके साथियों ने उसकी बहन के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। मारपीट में दीपक के गले समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
CCTV फुटेज में मारपीट का दावा
घटना के बाद दीपक ने तखतपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने जांच के दौरान होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जब्त की है। सामने आए फुटेज में होटल संचालक और उसके साथी दीपक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करते नजर आने का दावा किया गया है। पुलिस इसी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।









