
भिलाई। CG DASTAK
सांसद विजय बघेल के पहुंचने पर महापौर नीरज पाल ने दिखाई शिष्टाचार की मिसाल, विपक्ष ने 5 साल के कामकाज और विकास कार्यों पर जवाब मांगने की तैयारी की
भिलाई। भिलाई नगर निगम की मौजूदा महापौर परिषद और पार्षदों के कार्यकाल की आखिरी सामान्य सभा शुरू हो गई है। आगामी नगरीय निकाय चुनाव के बाद निगम में नई परिषद का गठन होगा। ऐसे में इस सामान्य सभा को मौजूदा परिषद के कार्यकाल की अंतिम महत्वपूर्ण बैठक माना जा रहा है।

बैठक से पहले महापौर, सभी पार्षदों, विधायकों और सांसदों का फोटो सेशन हुआ। सभा में शहर के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और वार्डों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी है।
सांसद विजय बघेल के लिए महापौर ने खुद खींची कुर्सी
सामान्य सभा में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल पहुंचे। इस दौरान महापौर नीरज पाल ने उनके बैठने के लिए खुद कुर्सी खींचकर जगह बनाई। सांसद विजय बघेल को आयुक्त की कुर्सी पर बैठाया गया, जबकि आयुक्त के लिए दूसरी कुर्सी रखी गई। यह दृश्य बैठक के दौरान चर्चा का विषय रहा।
विपक्ष मांगेगा पांच साल के कामकाज का हिसाब
इस अंतिम सामान्य सभा में विपक्ष महापौर नीरज पाल और एमआईसी सदस्यों से पिछले पांच साल के कामकाज का हिसाब मांगने की तैयारी में है। विपक्षी पार्षद विकास कार्यों, निगम के कामकाज और कथित अनियमितताओं से जुड़े मुद्दे सदन में उठा सकते हैं।
वार्डों की समस्याओं पर भी होगी चर्चा
बैठक में पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और जरूरतें रखेंगे। शहर में चल रहे विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जरूरी निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होगी। विचार-विमर्श के बाद नियमानुसार प्रस्तावों पर निर्णय लिया जाएगा।
मौजूदा परिषद के कार्यकाल की अंतिम सामान्य सभा होने के कारण इस बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









