
रायपुर। CG DASTAK
खमतराई पुलिस ने तीन आरोपियों और दो नाबालिगों को पकड़ा, गैस सिलेंडर, कटर मशीन, दोपहिया वाहन और 4 मोबाइल फोन जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की कोशिश के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा है। इनमें तीन आरोपी और दो नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों ने दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरों पर कागज चिपकाकर निगरानी से बचने की कोशिश की थी। इसके बाद गैस कटर से दुकान का ताला काटा, लेकिन वे चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे खमतराई के श्रीनगर स्थित सुरेश ज्वेलर्स में हुई। दुकान संचालक सुरेश धीमान 13 नवंबर को दुकान बंद कर बाहर गए थे। 18 नवंबर को लौटने पर उन्हें दुकान के CCTV कैमरे पर कागज चिपका हुआ और ताला गैस कटर से कटा मिला।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की।
पूछताछ में चोरी की कोशिश स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद के बारे में जानकारी मिली। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने एक नाबालिग बालक और एक बालिका के साथ मिलकर दुकान में चोरी की कोशिश करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों नाबालिगों को भी पकड़ा गया।
गैस सिलेंडर, कटर मशीन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट और चार मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किया है।
शुरुआत में पुलिस ने चोरी के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान डकैती के प्रयास से जुड़े साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









