बिलासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, मां ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

बेटी के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 17 वर्षीय किशोरी आरुषि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी की मां मीना डहरिया ने मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मीना डहरिया रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनकी बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने मोबाइल पर संदेश भेजकर उसे मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण आरुषि उससे मिलने चली गई।

मां को फोन पर बताई मारपीट की बात

मां के अनुसार, कुछ देर बाद आरुषि ने फोन कर रोते हुए बताया कि दुर्गेश उसके साथ मारपीट कर रहा है। उस समय मीना काम में व्यस्त होने के कारण कॉल रिसीव नहीं कर सकीं। बाद में जब उन्होंने बेटी से बात की, तो उसने अपने साथ मारपीट होने की जानकारी दी।

मां का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने फोन कर आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी दी। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर बताया कि आरुषि की हालत गंभीर है। रात करीब 8 बजे परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली।

मां ने जताई हत्या की आशंका

मीना डहरिया का आरोप है कि बेटी के शरीर के कई हिस्सों और पैरों पर चोट के निशान थे। उनका कहना है कि आरुषि आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने युवक पर मारपीट कर हत्या करने और घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मां ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here