
सक्ती। CG DASTAK
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन दिन से लापता 38 वर्षीय महेश राम कंवर का शव बुधवार सुबह गांव के गंगासागर तालाब से बरामद किया गया। महेश 22 नवंबर की रात से लापता थे। तालाब में शव मिलने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, महेश राम कंवर गांव में दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वे घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि वे पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के निधन के बाद रखवाली करने जा रहे हैं। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। 23 नवंबर की सुबह तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला।
इसके बाद उनकी पत्नी गणेशी कंवर ने हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने अपहरण कर बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जुए की फड़ पर दबिश के दौरान मारपीट का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि 22 नवंबर की रात गांव डोमाडीह में जुए की फड़ पर पुलिस ने दबिश दी थी। इस दौरान कुछ लोगों के साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के डर से महेश ने गंगासागर तालाब में छलांग लगा दी थी। बताया जा रहा है कि उस समय कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का पता नहीं चला।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई। इसके बाद 24 नवंबर को बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। टीम ने स्थानीय संसाधनों की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे महेश का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
कांग्रेस और परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
मामले में कांग्रेस नेता कुशल कश्यप और परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी मांग है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए, थाना प्रभारी और कथित रूप से घटना में शामिल लोगों को निलंबित किया जाए तथा परिवार को मुआवजा दिया जाए।

परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम भी किया। परिवार की ओर से दिए गए मांग पत्र में दोषियों पर कार्रवाई, उच्चस्तरीय जांच और एक करोड़ रुपये मुआवजे सहित सात मांगें रखी गई हैं।
पुलिस ने कहा- सभी पहलुओं की होगी निष्पक्ष जांच
एडिशनल एसपी पंकज पटेल के अनुसार, महेश के परिजनों ने उनके रात में घर नहीं लौटने की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज की गई। परिजनों और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय को दी गई है, ताकि घटनाक्रम की परिस्थितियों और तथ्यों का पता लगाया जा सके।

शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की बात कही गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









