
रामानुजगंज। CG DASTAK
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामानुजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1,300 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक 28 जून को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक-3 रामानुजगंज निवासी राजेश रवि (40 वर्ष) अपने घर में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से दो लाल रंग के जर्किन में कुल 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। मामला गैर-जमानती होने के कारण 29 जून को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंदूलाल जैन, प्रधान आरक्षक संजीव सिंह, प्रधान आरक्षक नारायण तिवारी तथा आरक्षक नील कमल टंडन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










