बलरामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत; 7 गंभीर

0

बलरामपुर। CG DASTAK 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसा राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास रात करीब 2 बजे हुआ। पिकअप में सूरजपुर जिले के करीब 10 मजदूर सवार थे, जो धान की खेती के काम के लिए शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप की सामने से या सड़क पर मौजूद बॉक्साइट लोड ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद पिकअप के उड़े परखच्चे

हादसे में पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार सभी 10 मजदूर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में जांच के बाद तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान रान साय (34), उदय कुमार (25) और अमर साय (35) के रूप में बताई गई है।

वहीं घायल मजदूरों में देव कुमार (34), भानू (32), अमर साय (40), लक्ष्मण (30), अजय कुमार (40), राय सिंह (38) समेत अन्य शामिल बताए गए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने और अंदरूनी चोटें आने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया।

राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के मुताबिक, हादसे में मृत और घायल सभी मजदूर सूरजपुर जिले के ग्राम नरौला के रहने वाले बताए गए हैं। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। मृतकों के परिजन भी सुबह राजपुर पहुंचे।

मालवाहक वाहनों में मजदूरों को ले जाने पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर मालवाहक वाहनों में मजदूरों को बैठाकर ले जाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, मालवाहक वाहनों में लोगों के परिवहन पर प्रतिबंध होने के बावजूद मजदूरों को ऐसे वाहनों में बैठाकर ले जाने का सिलसिला कई जगह जारी है।

खासकर खेती-किसानी और दूसरे मजदूरी के काम के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से मजदूरों को मालवाहक वाहनों के जरिए ले जाया जाता है। ऐसे में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

एक महीने पहले भी पलटी थी मजदूरों से भरी पिकअप

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में भी मजदूरों से भरी एक पिकअप पलट गई थी। उस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई थी। बताया गया था कि मजदूर रोपा लगाने के बाद वापस लौट रहे थे।

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों के बाद मालवाहक वाहनों में मजदूरों के परिवहन पर प्रभावी रोक और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

फिलहाल राजपुर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की परिस्थितियों और वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here