
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। बीरगांव नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए रायपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में उत्तर जोन पुलिस ने पांच थाना क्षेत्रों के 56 बदमाशों को थाने बुलाकर समझाइश दी और कानून व्यवस्था बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी। इनमें 39 गुंडा बदमाश और 17 निगरानी बदमाश शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर की गई। एडीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पूर्णिमा लामा और एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की।
पांच थाना क्षेत्रों के 56 बदमाशों को बुलाया
पुलिस ने उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खम्हारडीह और पंडरी थाना क्षेत्रों के बदमाशों को थाने बुलाकर स्पष्ट चेतावनी दी कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल न हों।
पुलिस ने उन्हें समझाइश दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या चुनावी माहौल खराब करने की कोशिश करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किस थाने से कितने बदमाश बुलाए गए?
पुलिस की कार्रवाई में थाना क्षेत्रवार आंकड़े इस प्रकार हैं:
खमतराई थाना: 12 गुंडा और 5 निगरानी बदमाश।
गुढ़ियारी थाना: 8 गुंडा और 2 निगरानी बदमाश।
खम्हारडीह थाना: 7 गुंडा और 5 निगरानी बदमाश।
उरला थाना: 6 गुंडा और 4 निगरानी बदमाश।
पंडरी थाना: 6 गुंडा और 1 निगरानी बदमाश।
इस तरह कुल 39 गुंडा बदमाश और 17 निगरानी बदमाशों को पुलिस ने थाने बुलाकर समझाइश दी।
चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था पर रहेगी नजर
पुलिस के मुताबिक, बीरगांव नगर निगम चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य चुनाव के दौरान शांति बनाए रखना और आम नागरिकों को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना है।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









