बलरामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली से लदी जीप से टकराई बाइक, 17 वर्षीय किशोर की मौत, 18 साल का युवक गंभीर

0

बलरामपुर। CG DASTAK 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी नगर में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका 18 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा मुख्य मार्ग पर शिवम मेडिकल स्टोर के सामने हुआ।

मृतक की पहचान ग्राम रातासिली निवासी आशु टप्पो (17) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान इमरान लकड़ा (18) के रूप में हुई है। वह भी रातासिली गांव का रहने वाला है।

जीप के पीछे ट्रॉली टोचन कर ले जाई जा रही थी

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर की ओर से एक जीप के पीछे पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली टोचन कर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवक जीप से आगे निकलने के लिए साइड लेने लगे। तभी उनकी बाइक जीप की चपेट में आ गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि आशु टप्पो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। बेहतर इलाज के लिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

गांव में शोक का माहौल

हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत की खबर से रातासिली गांव में शोक का माहौल है। एक ही गांव के दो युवकों के साथ हुए इस हादसे ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here