बेमेतरा में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस की चपेट में 4 साल की बच्ची की मौत, ड्राइवर-कंडक्टर फरार

0

बेमेतरा। CG DASTAK 

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खड़खरा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंसापुर-सेमरिया में स्कूल बस की चपेट में आने से करीब 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया।

मिली जानकारी के अनुसार, साधना साहू स्कूल बस में बैठने के लिए घर से निकली थीं। उनके साथ उनकी छोटी बहन शिवि साहू भी बाहर आ गई थी। इसी दौरान बच्चों को लेने के लिए स्कूल बस गांव में पहुंची।

बस के पहिए की चपेट में आई बच्ची

बताया गया कि बच्चे स्कूल बस में बैठ रहे थे। इसी दौरान बस जैसे ही आगे बढ़ी, बच्ची उसके सामने आ गई और बस के पहिए की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, बच्चों को बस में बैठाने के लिए परिवार के सदस्य भी बाहर आए थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद ड्राइवर-कंडक्टर फरार

घटना के बाद स्कूल बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खड़खरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस ने बच्ची के शव को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ड्राइवर-कंडक्टर की तलाश की जा रही है।

परिवार में पसरा मातम

हादसे के बाद बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक मासूम बच्ची की इस तरह जान चले जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ, बस की स्थिति क्या थी और ड्राइवर-कंडक्टर की लापरवाही थी या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here