
नासिक। CG DASTAK
महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मटन और दही खाने के बाद एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि, प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने से पहले मौत की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, यह मामला नासिक जिले के बागलान तालुका के आखतवाडे गांव का है। रविवार रात शांताराम (78 वर्ष) और उनकी पत्नी द्वारकाबाई (68 वर्ष) ने घर पर मटन बनाया और भोजन के साथ दही भी खाया। भोजन के कुछ समय बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
दोनों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान द्वारकाबाई की मौत हो गई। वहीं शांताराम की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज मालेगांव के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जारी है।
मटन और दही के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने घर से मटन, दही और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जब्त कर पुणे स्थित फॉरेंसिक लैब भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम और खाद्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने से पहले यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला फूड प्वॉइजनिंग का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
विशेषज्ञों ने अफवाहों से बचने की दी सलाह
घटना के बाद मटन और दही को साथ खाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, डॉक्टरों और खाद्य विशेषज्ञों का कहना है कि मटन और दही को साथ खाना सामान्य परिस्थितियों में मौत का कारण नहीं बनता। प्रारंभिक आशंका फूड प्वॉइजनिंग की है, जो दूषित मटन, खराब दही या किसी बैक्टीरिया के कारण हो सकती है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि जांच रिपोर्ट आने तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचें और अफवाहों से बचें।










