
अंबिकापुर। CG DASTAK
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां कुछ नाबालिगों पर कुत्ते के 6 पिल्लों को बेरहमी से पीटने और पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप है। घटना के बाद सभी पिल्लों की मौत हो गई। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने नाबालिगों की पहचान कर उनके अभिभावकों को थाने बुलाया है।

पंजाब गार्डन के पीछे मिले पिल्लों के शव
जानकारी के मुताबिक, घटना 13 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे गांधी नगर थाना क्षेत्र के पंजाब गार्डन के पीछे हुई। शुक्रवार को वहां 6 पिल्लों के अधजले शव मिले। आवारा कुत्ते शवों को नोच रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर पशु प्रेमियों ने मौके पर पहुंचकर शवों को सुरक्षित रखवाया।

बेजुबान डॉग शेल्टर के संचालक सुधांशु शर्मा ने मामले की शिकायत गांधी नगर थाने में दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
CCTV फुटेज में सामने आई क्रूरता
शनिवार को पुलिस और बेजुबान डॉग शेल्टर के सदस्यों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में कुछ नाबालिग पिल्लों के साथ मारपीट करते और बाद में ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाते दिखाई दिए।

दो स्ट्रीट डॉग ने दिया था बच्चों को जन्म
पुलिस और पशु प्रेमियों की पूछताछ में पता चला कि घटनास्थल के पास दो स्ट्रीट डॉग ने पिल्लों को जन्म दिया था। इनमें से तीन पिल्लों की देखभाल आसपास के लोग कर रहे थे, जबकि बाकी अपनी मां के साथ घूमते थे। आरोप है कि इन्हीं पिल्लों को पकड़कर उनके साथ क्रूरता की गई।
नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाया
गांधी नगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा के मुताबिक, घटना में शामिल नाबालिगों की पहचान कर ली गई है। उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया है। नाबालिग होने के बावजूद मामले में कानूनी कार्रवाई की संभावनाएं देखी जा रही हैं।









