बालोद में फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर जमीन बेचने वाले गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार, 7 हजार नकद और मोबाइल जब्त

0
12

बालोद। CG DASTAK 

जिले में फर्जी ऋण पुस्तिका (ऋण किताब) तैयार कर दूसरे की कृषि भूमि बेचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 7 हजार रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इससे पहले इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

फर्जी दस्तावेज बनाकर 15 लाख में किया जमीन का सौदा

पुलिस के अनुसार, मामला ग्राम लाटाबोड़ का है। यहां किसान डमेन्द्र कुमार गंजीर की करीब 1 एकड़ 60 डिसमिल कृषि भूमि के असली दस्तावेजों की हूबहू नकल कर आरोपियों ने फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार की। इसके बाद खुद को जमीन का मालिक बताकर ग्राम देवारभाट के एक दंपत्ति से 15 लाख रुपये में जमीन बेचने का सौदा किया।

डेढ़ लाख रुपये बयाना लेकर किया इकरारनामा

सौदा तय होने के बाद आरोपियों ने खरीदार दंपत्ति से 1 लाख 50 हजार रुपये बतौर बयाना (एडवांस) ले लिए और इकरारनामा भी तैयार कराया। बाद में खरीदारों को पता चला कि जमीन के दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं।

बाउंस हो गए लौटाए गए चेक

जब पीड़ित दंपत्ति ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दो फरार आरोपी भी गिरफ्तार

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पहले एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

नकदी और मोबाइल जब्त, भेजे गए जेल

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here