
मनेंद्रगढ़। CG DASTAK
मनेंद्रगढ़। दूसरों की जिंदगी बचाने का सपना लेकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रहीं दो छात्राओं की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मनेंद्रगढ़-इमली गोलाई मार्ग पर हुए भीषण हादसे में दो नर्सिंग छात्राओं समेत तीन युवाओं की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
इलाज कराकर घर लौट रहे थे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नौगई निवासी भुवन सिंह (24 वर्ष), भूमिका (18 वर्ष) और प्रमिला (18 वर्ष) अपना इलाज कराने के लिए मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय अस्पताल आए थे। डॉक्टर से परामर्श और इलाज कराने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव नौगई लौट रहे थे।
इसी दौरान मनेंद्रगढ़-इमली गोलाई मार्ग पर इमली गोलाई के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तीसरे की भी मौत
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तीसरे घायल की सांसें चलती देख एम्बुलेंस बुलवाई। इसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन गंभीर चोटों के कारण तीसरे घायल ने भी अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया।

एक साथ तीन युवाओं की मौत की खबर ग्राम नौगई पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
इमली गोलाई में लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश
इस दुर्घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इमली गोलाई मार्ग पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। इस स्थान को लोग दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानते हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच









