
रायपुर। CG DASTAK
धर्मांतरण के मुद्दे पर साहू समाज ने प्रदेशभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रायपुर के टिकरापारा स्थित साहू समाज भवन में करीब छह घंटे तक चली मैराथन बैठक में समाज के पदाधिकारियों के साथ भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में धर्मांतरण की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज को जागरूक करने और अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में शामिल हुए कई वरिष्ठ नेता
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री एवं सांसद ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं सांसद चंद्रशेखर साहू, पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, भाजपा विधायक मोतीलाल साहू, कांग्रेस विधायक संदीप साहू सहित साहू समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे।
गांव-गांव पहुंचेगी जनजागरण टीम
साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र साहू ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि समाज के पदाधिकारी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो गांव-गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर समाज के लोगों से संवाद करेंगी तथा धर्मांतरण जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाएंगी।
समाज को संगठित करने पर रहेगा फोकस
डॉ. नरेंद्र साहू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज को संगठित करना, लोगों से संवाद स्थापित करना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए जल्द ही चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला और ब्लॉक स्तर पर बनेंगी समितियां
बैठक में समाज की एकजुटता बनाए रखने, सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने और विभिन्न मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर समितियों के गठन का भी निर्णय लिया गया।









