
सरगुजा। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार को आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 5 साल के मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

स्कूल मैदान में आम बीनने गए थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, हादसा धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी ग्राम पंचायत के खुटापारा में हुआ। गांव के स्कूल मैदान में कुछ बच्चे आम बीनने गए थे, जबकि पास में एक युवक गाय चरा रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।
आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत
बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 5 साल के मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।








