दुर्ग के पोतियाकला में पीलिया का प्रकोप, 9 मरीज मिले; 286 घरों का सर्वे, पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

0

दुर्ग। CG DASTAK 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के पोतियाकला इलाके में पीलिया के 9 मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। 7 से 12 नवंबर के बीच सामने आए इन मामलों के बाद विभाग ने संक्रमण के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रभावित मरीजों में से एक का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 8 मरीज घर पर उपचार करा रहे हैं। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई गई है और अब तक किसी की मौत नहीं हुई है।

286 घरों का सर्वे, नहीं मिला नया मरीज

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 नवंबर तक प्रभावित बस्ती के 286 घरों का सर्वे किया। इस दौरान कोई नया मरीज सामने नहीं आया। स्वास्थ्यकर्मी और मितानिन घर-घर जाकर लोगों से बीमारी के लक्षणों की जानकारी ले रही हैं और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रही हैं।

पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे

पेयजल में संक्रमण की आशंका को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बस्ती के चार अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पीलिया फैलने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने किया क्षेत्र का निरीक्षण

सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। टीम ने मरीजों की स्थिति और क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से पानी उबालकर पीने और बाहर के खुले खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की है। साथ ही सड़ी-गली सब्जियां नहीं खाने की सलाह दी गई है।

विभाग ने लोगों को उल्टी, भूख नहीं लगना, थकान, पेट में लगातार दर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को कहा है।

संक्रमण के कारणों का पता लगाने में जुटा विभाग

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। पानी की जांच रिपोर्ट और आगे की सर्विलेंस के आधार पर पीलिया संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की अपील: सावधानी बरतें, स्वच्छ पानी पिएं और बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here