
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रदेश के छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के भोजन एवं नाश्ते की राशि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले तीन वर्षों से बच्चों के मेस बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि इस दौरान खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है।

13 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में सिंहदेव ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने सरकार से मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप भोजन की राशि तत्काल बढ़ाने का आग्रह किया है।
तीन साल से नहीं बढ़ा भोजन का बजट
टीएस सिंहदेव ने पत्र में लिखा है कि प्रदेश के छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के भोजन और नाश्ते के लिए निर्धारित राशि में पिछले तीन वर्षों से कोई वृद्धि नहीं हुई है।

इस दौरान दाल, चावल, खाद्य तेल, सब्जियां, मसाले और ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं। ऐसे में पुरानी राशि में बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि बजट की कमी का सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर पड़ सकता है।
HMS पोर्टल पर उपस्थिति के आधार पर बजट कटौती का मुद्दा
पत्र में छात्रावासों के मेस बजट में HMS पोर्टल के माध्यम से होने वाली कटौती पर भी सवाल उठाए गए हैं।

सिंहदेव के मुताबिक, किसी विद्यार्थी की एक-दो दिन की अनुपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती कर दी जाती है, जबकि सामूहिक रसोई में गैस, मसालों और अन्य जरूरी खर्च लगभग स्थिर रहते हैं।
उन्होंने मांग की है कि न्यूनतम 24 दिनों की उपस्थिति के आधार पर पूरा मेस बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो।
छात्रावास अधीक्षकों के परिवार के लिए अलग आवास की मांग
टीएस सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की कार्य परिस्थितियों का भी मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि अधीक्षकों को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। उन्हें पर्याप्त छुट्टी नहीं मिलती और छात्रावास परिसर में परिवार के साथ रहने की सुविधा भी नहीं होती।
उन्होंने सुझाव दिया है कि छात्रावास अधीक्षकों के परिवारों के लिए परिसर से अलग आवासीय भवन या आवासीय सुविधा विकसित की जाए, ताकि वे परिवार के साथ रहकर अपनी शासकीय जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।
छात्रावासों की व्यवस्था सुधारने के लिए अन्य मांगें
पत्र में सिंहदेव ने छात्रावासों और आश्रमों के बेहतर संचालन के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं।
- बर्तन और सफाई सामग्री के लिए पर्याप्त बजट।
- प्राथमिक उपचार और आकस्मिक खर्च के लिए अलग राशि।
- ऑनलाइन उपस्थिति के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा।
- शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को VSK ऐप की अनिवार्यता से छूट।
- अधीक्षक संवर्ग के कैडर का पुनर्गठन।
- बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए मेस बजट में तत्काल वृद्धि।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए मेस भत्ते में महंगाई के अनुरूप तत्काल बढ़ोतरी की जाए। साथ ही छात्रावास अधीक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
अब देखना होगा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री के इस पत्र पर राज्य सरकार और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।
CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच!









