
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर की केंद्रीय जेल में बंदियों तक प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की कोशिशों को रोकने के लिए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। बंदियों के रिश्तेदारों और परिचितों के जरिए कपड़ों एवं अन्य सामान में छिपाकर मादक पदार्थ, गांजा और मोबाइल फोन जेल के भीतर पहुंचाने की आशंका को देखते हुए जेल अधीक्षक ने सघन तलाशी के निर्देश जारी किए हैं।
जेल अधीक्षक द्वारा 5 नवंबर 2026 को जारी आदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी उप जेल अधीक्षक को सौंपी गई है।
मुलाकातियों और उनके सामान की होगी सघन जांच
जेल में बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और परिचितों की सघन तलाशी ली जाएगी। मुलाकात कक्ष में बंदियों को सामान देने के लिए लाए जाने वाले कपड़ों और अन्य वस्तुओं की भी जांच होगी।
पेशी के लिए जेल से बाहर जाने और वापस आने वाले बंदियों की भी सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं।
जेल में आने वाले वाहनों की दो स्तर पर जांच
आदेश के मुताबिक, जेल परिसर में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की सबसे पहले गार्ड इंचार्ज द्वारा जांच की जाएगी। इसके बाद मेन गेट पर तैनात गेट कीपर, मुख्य प्रहरी और प्रहरी वाहन के साथ चालक की भी बारीकी से तलाशी लेंगे। जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को जेल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
बैरकों की नियमित तलाशी, कर्मचारियों की भी जांच
जेल प्रशासन ने बंदियों की बैरकों और उनके सामान की नियमित सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए हैं। जेल के अंदरूनी हिस्सों का भी नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
खास बात यह है कि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात मुख्य प्रहरी और अन्य सिविल कर्मचारियों को भी जेल गेट पर आने-जाने के दौरान तलाशी से गुजरना होगा।
प्रतिबंधित सामान मिलने पर तत्काल कार्रवाई
जेल परिसर में तलाशी के दौरान किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री मिलने या जब्त होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देनी होगी।
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप जेल अधीक्षक को सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
जेल प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य बंदियों तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने के रास्तों को बंद करना और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच!









