
रायपुर। CG DASTAK

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज उनके निवास कार्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी गई। चयनित खिलाड़ी 20 विभिन्न खेलों से जुड़े हैं और इन्हें जल्द ही शासकीय सेवा में नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
156 खिलाड़ियों की सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी
बैठक में अनुमोदित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सरकारी नौकरी के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू होगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान और रोजगार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति देने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चयनित खिलाड़ियों के अनुभव और उपलब्धियों का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में किया जाना चाहिए।
गांव से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन तथा प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
खेल अधोसंरचना पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार, आधुनिक सुविधाओं का विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जा चुके हैं। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










