रायगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: होटल-ढाबों की जांच, 30 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल फिंकवाया

0

रायगढ़। CG DASTAK 

‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत 16 से 30 नवंबर तक चलेगी जांच, पनीर, मिक्स वेज, मिठाई और बिस्किट के सैंपल लैब भेजे गए

रायगढ़। लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत होटल, ढाबा, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन ही विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों में जांच की और गड़बड़ियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए।

हॉट चिप्स में 30 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल फिंकवाया

अभियान के दौरान शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसपी ऑफिस के पास स्थित हॉट चिप्स में बार-बार इस्तेमाल किए जा रहे तेल पर कार्रवाई की गई। टीम ने करीब 30 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल फिंकवाया और प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कई होटलों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

पंजाबी भोजनालय और जलाराम नमकीन की भी जांच

इसके बाद पंजाबी भोजनालय और जलाराम नमकीन का निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों को पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कुकीज, बिस्किट और मिठाइयों के सैंपल लिए

खाद्य विभाग की टीम ने पंजाब नेशनल होटल से चावल और दाल के नमूने लिए। जूटमिल स्थित आरबी बेकर्स से कुकीज और बिस्किट के सैंपल लिए गए।

वहीं, सुष्री होटल में पेस्ट कंट्रोल नहीं होने पर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई। जूटमिल स्थित गणेश डेयरी में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली।

टीम ने डेयरी से बूंदी लड्डू, पनीर, पेड़ा और कलाकंद के नमूने भी लिए। साथ ही डेयरी संचालक को साफ-सफाई में सुधार करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य लाइसेंस बनवाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों में रंगों का इस्तेमाल तय मात्रा में करने, साफ-सफाई बनाए रखने और अच्छी गुणवत्ता की खाद्य सामग्री रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस और पंजीयन अनिवार्य रूप से बनवाने की समझाइश दी गई।

30 नवंबर तक जारी रहेगा अभियान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का यह अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके तहत शहर के होटल, ढाबे, डेयरी, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here