
बिलासपुर। CG DASTAK
8 साल के बेटे का इलाज कराकर लौट रहा था परिवार, बाइक ट्रक के पहियों के नीचे आई; घायलों का SIMS में इलाज जारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में पीछे बैठे पिता और उनका 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेटे का इलाज कराकर गांव लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रिस्दा निवासी 40 वर्षीय सोमनाथ श्रीवास पेशे से किसान थे। गांव में रहने वाले राकेश यादव के 8 वर्षीय बेटे शौर्य की तबीयत खराब थी। सोमवार को राकेश के कहने पर सोमनाथ अपनी बाइक से राकेश और उसके बेटे शौर्य को इलाज कराने बिलासपुर लेकर आए थे।

डॉक्टर को दिखाने के बाद तीनों शाम को वापस अपने गांव रिस्दा लौट रहे थे। इसी दौरान मस्तूरी क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
बाइक ट्रक के पहियों के नीचे आई, किसान की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे सोमनाथ सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठे राकेश यादव और मासूम शौर्य उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया।

पुलिस ने मृतक सोमनाथ श्रीवास के शव को कब्जे में लेकर मॉर्चुरी भिजवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मस्तूरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।









