छत्तीसगढ़-ओडिशा के ‘पुष्पा’ के घर पुलिस की रेड, 81 लाख रुपये कैश बरामद!

0

महासमुंद। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी एनओसी मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ स्थित मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 81 लाख रुपये की नकदी बरामद कर विधिवत जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर खैर लकड़ी के 23,350 किलोग्राम अवैध परिवहन के लिए एनटीपीएस एनओसी में कूटरचना कर उसका वास्तविक दस्तावेज के रूप में उपयोग करने और धोखाधड़ी के मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस, आर्म्स एक्ट और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।

विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने माननीय न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया। इसके बाद 7 सितंबर 2026 को आरोपी के मुड़पार स्थित मकान की तलाशी ली गई। केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में हुई तलाशी के दौरान एक थैले से 500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां बरामद हुईं। इनमें कुल 16,200 नोट, यानी 81,00,000 रुपये नकद पाए गए।

पुलिस ने पूरी रकम को मौके पर विधिवत जब्त कर लिया है। अब इस नकदी को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत न्यायालय के समक्ष कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जा रहा है।

महासमुंद पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों, वनोपज के अवैध परिवहन, कूटरचना और धोखाधड़ी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here