अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर घायल

0

सरगुजा। CG DASTAK 

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उदयपुर से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिधमा निवासी जयपाल कंवर और ग्राम केवरा निवासी नितेश राम शुक्रवार रात बाइक से उदयपुर गए थे। वहां से लौटते समय नेशनल हाईवे-130 पर रामपुरहिन मंदिर के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में जयपाल कंवर के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, नितेश राम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके एक पैर में फ्रैक्चर और शरीर में अंदरूनी चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

घायल युवक को अंबिकापुर किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल नितेश राम को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

दोनों युवकों ने नहीं पहना था हेलमेट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जयपाल कंवर की जान चली गई। यह हादसा एक बार फिर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अहमियत को सामने लाता है।

पिकअप चालक की तलाश में जुटी पुलिस

राहगीरों के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुआ। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। लखनपुर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे नहीं होने के कारण वाहन की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस हाईवे पर लगे अन्य कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस जांच के बाद ही हादसे से जुड़े सभी तथ्यों और वाहन चालक की पहचान की पुष्टि हो सकेगी।

CG Dastak | छत्तीसगढ़ की खबरें, सबसे पहले

🌐 वेबसाइट: https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here