पंडित के वेश में गांजा तस्करी का शातिर खेल बेनकाब, 10 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

0

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंडित का चोला पहने ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रेहटीखोल के पास एनएच-53 मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर सिंघोड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान श्रवण कुमार तिवारी, उम्र 40 वर्ष, निवासी करौदी, थाना बरही, जिला कटनी, मध्यप्रदेश के रूप में हुई। ट्रॉली बैग के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी पहले गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें 10 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा ओडिशा के डोंगरीपाली, जिला बलांगीर से कटनी, मध्यप्रदेश ले जाकर स्वयं बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस की कार्रवाई से उसकी योजना विफल हो गई।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(बी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

जब्त संपत्ति में 10.190 किलो गांजा, जिसकी कीमत 5 लाख 9 हजार रुपये, तथा 1 मोबाइल फोन जिसकी कीमत 1 हजार रुपये है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here