
कवर्धा। जिले के दामापुर के सैहामालगी गांव में आज दोपहर गन्ने के खेतों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना में करीब 7 एकड़ में खड़ी तैयार गन्ने की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। इससे क्षेत्र के किसानों को लाखों रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग इतनी तेजी से फैली कि काबू पाना मुश्किल हो गया
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को कुछ समझ ही नहीं आया। हवा के तेज बहाव के कारण लपटों ने थोड़ी ही देर में बड़े क्षेत्र को घेर लिया।
मौके पर मौजूद ग्रामीण और किसान
बोरिंग मोटर से पानी डालकर, बाल्टी, पाइप और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। हालांकि आग फैलने की रफ्तार ज्यादा होने से काबू पाना चुनौतीपूर्ण रहा।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, और कुछ ही मिनटों में फसल को लपटों ने घेर लिया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।










