रायगढ़ में बोलेरो कैंपर ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी गंभीर घायल; महिला रायपुर रेफर, चालक फरार

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद कैंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मजदूरी के पैसे लेने जा रहे थे पति-पत्नी

मिली जानकारी के अनुसार, लैलूंगा निवासी लक्ष्मी मांझी (27) अग्रोहा प्लांट पाली में मजदूरी करते हैं। वे अपनी पत्नी लक्ष्मी बाई को बाइक पर बैठाकर प्लांट में मजदूरी के पैसे लेने जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे पूंजीपथरा के जिंदल चौक से आगे जंगल के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो कैंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर से दूर जा गिरे, बाइक भी क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में लक्ष्मी मांझी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी लक्ष्मी बाई के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गईं। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मेडिकल कॉलेज से महिला रायपुर रेफर

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस जवान घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। वहीं, घायल पति का भी उपचार किया गया।

कैंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद बोलेरो कैंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायल लक्ष्मी मांझी की पत्नी ने पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(a) व 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद फरार चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here