
कोरबा। CG DASTAK
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी के दिन दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय यशवंत गुप्ता और 20 वर्षीय शुभम गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
प्रतिमा विसर्जन के बाद सामान छोड़ने गए थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, नोनबिर्रा में नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। विजयादशमी के दिन दोपहर में प्रतिमा विसर्जन के बाद यशवंत गुप्ता और शुभम गुप्ता इलेक्ट्रिक स्कूटी से पंडित के यहां सामान छोड़ने गए थे।
वहां से वापस लौटते समय रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 4 बजे उनकी स्कूटी अज्ञात तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां भौतिक साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
फरार वाहन और चालक की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद भारी वाहन चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए जानकारी जुटा रही है।
कोरबा और छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए पढ़ें CG Dastak: www.cgdastak.com









